Surrender of Maoists in Ranchi: रांची में माओवादियों का सरेंडर: 27 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 6 पर था 5-5 लाख का इनाम
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को एक ऐतिहासिक और बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। राज्य सरकार के पुनर्वास अभियान ‘ऑपरेशन नवजीवन’ के तहत 27 सक्रिय उग्रवादियों ने रांची में भारी मात्रा में हथियारों और कारतूसों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों में 25 प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के सदस्य हैं, जबकि 2 उग्रवादी झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) से जुड़े हुए हैं। सुरक्षा बलों द्वारा इसे हाल के वर्षों में लाल आतंक के नेटवर्क पर लगा अब तक का सबसे बड़ा आघात माना जा रहा है।
रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले इन सभी व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वित्तीय सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही प्रशासन ने बचे हुए अन्य उग्रवादियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
