Sahil Wakode Case: Parents Begin Hunger Strike in Mumbai, Seek Justice. इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर उतरे साहिल के माता-पिता, मुंबई में शुरू की भूख हड़ताल
सर्च न्यूज: सच के साथ:आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में उनके माता-पिता ने गुरुवार को मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। परिवार की मांग है कि उनके बेटे के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और जातिगत भेदभाव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साहिल की मौत 18 सितंबर को हुई थी और मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है।
मामले में आईआईटी बॉम्बे की ओर से पहले जारी किए गए एक बयान को लेकर भी विवाद हुआ है। संस्थान ने गुरुवार को दोबारा माफी जारी करते हुए कहा कि साहिल की मौत से पहले की घटनाओं से जुड़े विवरण अभी जांच के अधीन हैं और जांच पूरी होने से पहले उन परिस्थितियों को निश्चित रूप से प्रस्तुत करना उचित नहीं था। वहीं, मामले में नामजद एक फैकल्टी सदस्य को निष्पक्ष जांच के लिए छुट्टी पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
विवाद के बीच आईआईटी बॉम्बे ने 26 और 27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को आगे बढ़ाकर 10 और 11 अक्टूबर कर दिया है। इस बीच पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम, परीक्षा के दौरान हुई घटना और उसके बाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
