November 3, 2026

रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: महिलाओं से चेन छिनतई करने वाले ‘कोढ़ा गैंग’ के सरगना का हाफ एनकाउंटर

file_00000000d694820bb486a82344c8c9e1

सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड की राजधानी रांची में लगातार बढ़ रही चेन छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रांची पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर शहर के विभिन्न थानों की पुलिस लगातार अपराधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि हाल ही में बरियातू और मेसरा ओ.पी. क्षेत्र में हुई छिनतई की घटनाओं में शामिल शातिर अपराधी ओरमांझी थाना क्षेत्र की ओर सक्रिय हैं। पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओरमांझी के चुट्टू गांव के पास रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर अपराधियों की घेराबंदी की।घेराबंदी के दौरान खुद को घिरा देख अपराधियों ने भागने का प्रयास किया। इसी बीच गिरोह के मुख्य सरगना रंगीला ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसे ‘हाफ एनकाउंटर’ कहा जा रहा है, जिसमें अपराधी रंगीला के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके दो अन्य साथियों, अमन यादव और कार्तिक यादव को भी पुलिस ने खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए अपराधियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने रांची जिले में लगभग एक दर्जन से अधिक और बिहार-झारखंड के विभिन्न इलाकों में 60 से अधिक छिनतई और लूट की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह गिरोह बिहार के कटिहार जिले के कुख्यात ‘कोढ़ा गैंग’ से जुड़ा हुआ है, जो सुनियोजित तरीके से त्योहारों और भीड़भाड़ वाले समय में महिलाओं को निशाना बनाता था। इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क और सोने के खरीदारों का पता लगाने में जुट गई है।

You may have missed