राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने बापू वाटिका में राष्ट्रपिता को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, समाज को दिया एकजुटता का संदेश :
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस विशेष राजकीय समारोह में उनके साथ सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद महुआ माजी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक दिन पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें सादर नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज जब समाज में विभाजन की कोशिशें दिखाई देती हैं, तब बापू का सत्य, अहिंसा, भाईचारा और सबके हित का संदेश और भी प्रासंगिक और जरूरी हो जाता है। सीएम सोरेन ने राज्य के हर नागरिक से बापू के दिखाए रास्ते पर चलने, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और वंचित व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का दृढ़ संकल्प दोहराया।
