Nehru death anniversary: नेहरू पुण्यतिथि: ‘शांति वन’ पहुंचे राहुल गांधी, आधुनिक भारत के निर्माता को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
सर्च न्यूज: सच के साथ: देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आज समूचे राष्ट्र ने उन्हें याद किया। इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दिल्ली स्थित उनके स्मारक ‘शांति वन’ पहुंचे। दोनों नेताओं ने पंडित नेहरू की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
देशभर में कांग्रेस पार्टी के विभिन्न राज्य मुख्यालयों और जिला केंद्रों पर भी नेहरू की पुण्यतिथि पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर देश के विकास में उनकी भूमिका पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
