NEET लीक पर PM मोदी का बड़ा संदेश, दोषियों को सख्त सजा
नई दिल्ली: NEET-UG पेपर लीक विवाद और देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। एनडीए संसदीय दल की बैठक में उन्होंने कहा कि पेपर लीक रोकना केवल सरकार नहीं, बल्कि पूरे देश की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात दोहराई।
प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर CJP के नेतृत्व में छात्रों का आंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हाल ही में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़पों के बाद सरकार और आंदोलनकारियों के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता भी शुरू हुई है, जिससे समाधान की उम्मीदें बढ़ी हैं।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए सहयोगी दलों से संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग देने और विपक्ष से भी रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है।
