मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में विवाद के बाद पुलिसकर्मी ने चलाई गोली, आरोपी ASI निलंबित।
बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह की अंधाधुंध गोलीबारी से एक ग्रामीण की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस गंभीर घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है।
इस अचानक हुई गोलीबारी में चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शामिल 50 वर्षीय अशोक यादव की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अशोक यादव बेंगलुरु में पान की दुकान चलाते थे और अगले महीने दिसंबर में अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के लिए हाल ही में गांव लौटे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह को सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों (SIT) का गठन किया है।
