मां के श्राद्धकर्म के बीच सीएम हेमंत सोरेन ने दिखाई तत्परता, मासूम अनूप के इलाज के लिए दिए ₹10 लाख
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां के श्राद्धकर्म की व्यस्तताओं और व्यक्तिगत शोक के बीच एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और जन-सरोकार का परिचय दिया है. मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के बेराटांड़ (भरेच नगर) निवासी रामकिशुन बेसरा के 6 वर्षीय बेटे अनूप बेसरा के कान के गंभीर रोग के इलाज के लिए ₹10 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की है. सीएम ने अपने पैतृक गांव नेमरा में जनता से मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार की फरियाद सुनी और बिना किसी देरी के तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया.इस मामले में राज्य सरकार की कार्यप्रणाली भी बेहद सराहनीय रही, जहां मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ‘मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना’ के तहत मेडिकल ग्रांट से जुड़ी तमाम कागजी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को रिकॉर्ड 48 घंटों के भीतर पूरा कर लिया गया.
सहायता राशि का चेक सौंपे जाने के बाद मासूम अनूप के परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सहृदय आभार व्यक्त किया है. इस त्वरित मदद से परिवार को बहुत बड़ी राहत मिली है और बच्चे के समय पर इलाज का रास्ता साफ हो गया है. झारखंड सरकार की ओर से यह कदम दर्शाता है कि विपरीत व्यक्तिगत परिस्थितियों में भी मुख्यमंत्री के लिए राज्य के नागरिकों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा सर्वोपरि है.
