Lover murdered law student Divya: प्रेमी ने की थी लॉ छात्रा दिव्या की हत्या: कोर्ट में गवाही रोकने के लिए रची साजिश, सुपारी किलर गिरफ्तार
सर्च न्यूज: सच के साथ: चतरा जिला पुलिस ने गया जिले की एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का सफल खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, यह हत्या किसी अन्य ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी राहुल यादव ने कोर्ट में होने वाली एक महत्वपूर्ण गवाही को रोकने के लिए रची थी। इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए राहुल ने दो लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें संलिप्त एक आरोपी (कॉन्ट्रैक्ट किलर) नेपाली गंझू को पुलिस ने बिहार के गया से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल फिलहाल फरार है।
चतरा के एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि शुरुआत में यह पूरी तरह से एक अंधा हत्याकांड (ब्लाइंड मर्डर) था। हालांकि, जांच के दौरान मृतका का एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ लगा, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। इस ऑडियो में आरोपी राहुल स्पष्ट रूप से दिव्या पर अदालत का मुकदमा उठाने के लिए गंभीर दबाव बनाता और धमकी देता सुनाई दे रहा था। इसी ऑडियो साक्ष्य और त्वरित तकनीकी व वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं और हत्या में शामिल कॉन्ट्रैक्ट किलर को धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपी राहुल यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
