लंबित मांगों को लेकर चास में झारखंड आंदोलनकारियों का मशाल जुलूस, 30 सितंबर को संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बोकारो जिला इकाई द्वारा चास में झारखंड बंद की पूर्व संध्या पर एक भव्य मशाल जुलूस निकाला गया। इस जुलूस के माध्यम से आंदोलनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी पहचान, हक और अधिकारों को पूरी तरह से लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका यह लोकतांत्रिक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
वक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वीरों को राज्य गठन के 26 वर्ष बीत जाने के बाद भी सरकार द्वारा लगातार अनदेखा किया जा रहा है। इसी अनदेखी और वादों के खिलाफ पूरे प्रदेश में भारी असंतोष व्याप्त है।मोर्चा ने अपनी रणनीतियों को स्पष्ट करते हुए 30 सितंबर को संपूर्ण झारखंड बंद और आर्थिक नाकेबंदी सह चक्का जाम का जोरदार आह्वान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने आम जनता और व्यवसायियों से इस बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है। हालांकि, आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मोर्चा के प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान चिकित्सा, अस्पताल और अन्य सभी आपातकालीन व आवश्यक सेवाओं को पूरी तरह से मुक्त रखा गया है।
