खरसावां में अवैध शराब माफियाओं पर बड़ा प्रहार, तीन चुलाई अड्डे ध्वस्त, 1100 किलो जावा महुआ नष्ट
खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं की कमर तोड़ने का काम किया है। खरसावां थाना क्षेत्र के कातीदिरी स्थित रीडिंग टोला में गुरुवार को उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कई इलाकों में छापेमारी कर अवैध शराब अड्डों को ध्वस्त किया गया है, जिससे शराब माफियाओं में डर का माहौल बना हुआ है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस धंधे से जुड़े संचालकों और तस्करों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम का बड़ा कदम माना जा रहा है।
