September 4, 2026

Kadma:कदमा में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, टाटा स्टील ने लैंड विभाग की टीम के साथ हटाए अवैध ढांचे

Screenshot_20260730_171827_Chrome

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर: शहर के कदमा क्षेत्र में गुरुवार को टाटा स्टील के लैंड विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बने अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से टिन शेड और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों और संबंधित अधिकारियों की तैनाती की गई थी।

अधिकारियों के अनुसार, संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस देकर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय तक अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।टाटा स्टील के लैंड विभाग का कहना है कि कंपनी की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग लगातार विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है और जहां भी अतिक्रमण की शिकायत मिलेगी, वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे कंपनी अथवा सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाए जाते रहें तो अवैध कब्जों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You may have missed