सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर: जुगसलाई रेलवे अंडरब्रिज में लगातार हो रहे जलजमाव और सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे एरिया मैनेजर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए अंडरब्रिज की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि बारिश के दौरान अंडरब्रिज में पानी भर जाने से आम लोगों, स्कूली बच्चों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, सड़क की मरम्मत कराने और अंडरब्रिज को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।