November 4, 2026

जमशेदपुर में मजदूरी विवाद को लेकर हत्या: शव को नदी में फेंका, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

file_000000005b5481f58d54b96972828b65

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में मजदूरी के पैसों और मुर्गा-शराब की पार्टी को लेकर हुए विवाद में विशाल सांडीले की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने मृतक के शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया था. बिरसानगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है और मामले से जुड़े दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस जांच और पूछताछ के अनुसार, मृतक विशाल सांडीले, कार्तिक नामता और रवि कुंटिया मुख्य आरोपी चरण हांसदा के लिए मजदूरी का काम करते थे. काम के बदले मजदूरी के पैसे नहीं मिलने और मुर्गा-शराब की पार्टी की मांग को लेकर 25 सितंबर को विशाल और चरण हांसदा के बीच तीखी बहस और विवाद हुआ था. इस विवाद के बाद चरण हांसदा ने अपने साथियों के साथ मिलकर विशाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

योजना के तहत, 27 सितंबर की शाम आरोपियों ने विशाल को शराब पिलाने के बहाने स्वर्णरेखा नदी के पास पानी टंकी के समीप बुलाया. वहां मौका मिलते ही आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली और शव को नदी में बहा दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्तिक नामता और रवि कुंटिया को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है. पुलिस फरार चल रहे मुख्य आरोपी चरण हांसदा की तलाश में जुटी हुई है