जमशेदपुर में गर्मी बनी जानलेवा, डिमना रोड पर मजदूर की मौत से मचा हड़कंप
जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तेज धूप और लू के बीच एक मजदूर अचानक सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान कपाली आशा डूंगरी निवासी 30 वर्षीय कुश्ती मुखी के रूप में हुई।
इस घटना ने शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण मजदूर, रिक्शा चालक और खुले में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से दोपहर के समय बिना जरूरी काम के बाहर नहीं निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की अपील की है।
जमशेदपुर में गर्मी का यह खतरनाक असर अब लोगों को डरा रहा है। एक पल में सड़क पर चलते-चलते जिंदगी थम जाने की यह घटना हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रही है।
