जमशेदपुर के परसुडीह में 80 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
सर्च न्यूज: सच के साथ: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जमशेदपुर की परसुडीह थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र से अवैध ड्रग्स के कारोबार में संलिप्त 5 शातिर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया है।
पुलिस द्वारा ली गई सघन तलाशी के दौरान इन आरोपियों के पास से कुल 80 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन कागज सहित लगभग 15.76 ग्राम आंका गया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गौतम कुमार सिंह, शिवम कुमार सिंह, सूरज कुमार तिवारी, अमरजीत कुमार सिंह और अजय यादव के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इन आरोपियों से मिली जानकारियों के आधार पर मुख्य सप्लायर और इस पूरे रैकेट के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
