जमशेदपुर के अनख राज सिंह ने नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीते तीन मेडल, शहर का बढ़ाया मान
जमशेदपुर:शहर के सोनारी निवासी और युवा पावरलिफ्टर अनख राज सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर का नाम रोशन किया है। आंध्र प्रदेश में आयोजित 15वीं नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने तीन मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।
उनकी इस उपलब्धि के बाद पूरे शहर और सिख समाज में खुशी का माहौल है। गुरुवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने अनख की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की जमकर सराहना की।
CGPC पदाधिकारियों ने कहा कि अनख की सफलता सिर्फ सिख समुदाय ही नहीं बल्कि पूरे जमशेदपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं को प्रेरणा देते हुए कहा कि अगर जुनून और मेहनत सच्ची हो, तो राष्ट्रीय मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
सम्मान समारोह में CGPC के कई पदाधिकारी और समाज के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने अनख राज सिंह को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
आज के दौर में जहां युवा सोशल मीडिया और गलत आदतों की ओर भटक रहे हैं, वहीं अनख राज सिंह जैसे खिलाड़ी मेहनत और खेल के दम पर नई पहचान बना रहे हैं। उनकी यह सफलता जमशेदपुर के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है।
