September 5, 2026

Jharkhand Protest:रांची छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी की हेमंत सोरेन को चिट्ठी, बोले—“युवा देश का भविष्य, उनकी मांगें जायज”

rahul-gandhi-hemant-soren-1786948396

सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची, 17 अगस्त 2026: झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन आज 24वें दिन भी जारी है। आंदोलनकारी छात्र JPSC और JSSC से जुड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ियों तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने की अपील की है।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि झारखंड के छात्रों का विरोध शांतिपूर्ण है और उनकी मांगें जायज हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा छात्रों से बातचीत के लिए कमेटी गठित किए जाने की सराहना की और कहा कि कई मांगों पर बातचीत के दौरान सहमति भी बनी है। हालांकि, इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। राहुल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें, ताकि उनकी शेष चिंताओं को दूर करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता मजबूत हो सके।राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भारत के युवा देश का भविष्य हैं और ऐसे समय में उनके साथ एकजुटता दिखाना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने और विवाद का उचित समाधान निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

इधर, आंदोलन को लेकर सरकार और छात्रों के बीच पहले भी कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। 16 अगस्त को प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले भी जलाए थे। इसके बाद सरकार ने छात्रों को दोबारा बातचीत के लिए बुलाया। 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे छात्रों को उनके कानूनी सलाहकारों के साथ बातचीत में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है।छात्रों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस सहमति नहीं बनती है तो आंदोलन जारी रखा जाएगा और इसे आगे और तेज किया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का भी ऐलान किया है। ऐसे में सरकार और छात्रों के बीच होने वाली बातचीत को आंदोलन के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You may have missed