November 4, 2026

Jamshedpur:जमशेदपुर में बड़ा हादसा: टेल्को में 35 बच्चों से भरी स्कूल वैन डिवाइडर से टकराई, 17 स्कूली बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर

file_00000000763c81fd9c8d08e48e2501d7

सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड के जमशेदपुर स्थित टेल्को थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिन्मया स्कूल के लगभग 35 बच्चों को लेकर जा रही एक टाटा विंगर स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि धमाके जैसी तेज आवाज के साथ वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी का चेंबर तक फट गया। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की चपेट में आने से वैन में सवार करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए हैं। इनमें से दो बच्चों और वैन चालक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के घरों और फ्लैटों से स्थानीय लोग दौड़कर बाहर आए। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को तुरंत इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।

चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दुर्घटना विपरीत दिशा से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में हुई, जो अचानक स्कूल वैन के काफी करीब आ गई थी। कार से बचने की कोशिश में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वैन डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

You may have missed