Focus on Naxal eradication: नक्सल उन्मूलन पर जोर: पुलिस महानिदेशक DGP तदाशा मिश्रा ने कोल्हान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों को तेज करने का दिया निर्देश
सर्च न्यूज: सच के साथ: महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (DGP), झारखंड श्रीमती तदाशा मिश्र द्वारा आज कोल्हान क्षेत्र के चाईबासा एवं सरायकेला का दौरा किया गया। इस दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ करना और सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लेना था।
समीक्षा बैठक के दौरान आगामी जगन्नाथ रथ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रा मार्ग और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की जाए ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के उत्सव में शामिल हो सकें। इसके साथ ही, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए भी पुख्ता योजना बनाने पर जोर दिया गया।इस बैठक का एक अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा करना था। महानिदेशक ने कोल्हान और इसके आस-पास के जंगली इलाकों में सक्रिय नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति रिपोर्ट देखी। उन्होंने आला अधिकारियों को आपसी समन्वय बेहतर करने और खुफिया तंत्र को और मजबूत कर नक्सलियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए।