Fire in Bihar’s Train:बिहार के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, बड़ा हादसा टला
सर्च न्यूज: सच के साथ: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात एक पैसेंजर ट्रेन के इंजन और उससे सटे एक कोच में अचानक आग लग गई। आग लगते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
