दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस की एडवाइजरी जारी, पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से शांति व सुरक्षा बनाए रखने की अपील
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों, पूजा समितियों और श्रद्धालुओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने लोगों से त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और धार्मिक सौहार्द को प्राथमिकता देने की अपील की है। इस संबंध में जारी पोस्टर में पूजा के दौरान किए जाने वाले आवश्यक कार्यों और प्रतिबंधित गतिविधियों की जानकारी दी गई है।
जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि बिना लाइसेंस जुलूस या शोभायात्रा नहीं निकाली जाए। डीजे के उपयोग पर लागू प्रतिबंधों और निर्धारित मानकों का पालन करना जरूरी है। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन, भड़काऊ नारेबाजी और धार्मिक उन्माद फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने, जुलूस के दौरान सड़क या राजमार्ग अवरुद्ध नहीं करने तथा धार्मिक स्थलों, अस्पतालों और स्कूलों के आसपास शोर-शराबा करने से बचने की भी अपील की है। राहगीरों से जबरन चंदा वसूली नहीं करने का निर्देश भी दिया गया है।
जमशेदपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में सामान्य जनजीवन तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
