दिल्ली में बिखरी झारखंड की सांस्कृतिक छटा: करम मिलन समारोह में माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कलाकारों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
सर्च न्यूज: सच के साथ: रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आवास पर भव्य करम मिलन समारोह 2026 का आयोजन किया गया. इस विशेष उत्सव का मुख्य उद्देश्य झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, प्रकृति प्रेम और अनूठी परंपराओं को राष्ट्रीय पटल पर प्रदर्शित करना था. समारोह में देश के कई गणमान्य अतिथियों और प्रबुद्ध जनों ने शिरकत की, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई.इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण सरायकेला की प्रसिद्ध छऊ नृत्य संस्था ‘आचार्य छऊ नृत्य विचित्री’ के कलाकारों द्वारा दी गई मनमोहक प्रस्तुति रही. पद्मश्री गुरु शशधर आचार्य के कुशल नेतृत्व में कलाकारों ने राधा-कृष्ण, हंस और मयूर नृत्य के जरिए उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. नृत्य के माध्यम से झारखंड की जीवंत सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के साथ मानवीय जुड़ाव को बेहद खूबसूरती से मंच पर उतारा गया.कार्यक्रम के समापन पर झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कलाकारों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया.
