Delhi:दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी:बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: ISI समर्थित 4 शूटर गिरफ्तार, पुलिस थानों और धार्मिक स्थलों की कर रहे थे रेकी
सर्च न्यूज: सच के साथ: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश की राजधानी को दहलाने की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) समर्थित एक अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब और दिल्ली से चार संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शुबदीप सिंह उर्फ विशाल, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, साजन सिंह उर्फ हनी और गगनप्रीत के रूप में की गई है, जिनमें से तीन पंजाब और एक दिल्ली का रहने वाला है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस मॉड्यूल को भारत-पाकिस्तान सीमा पर सक्रिय ड्रोन नेटवर्क के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप सप्लाई की जाती थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक, गगनप्रीत को विशेष रूप से दिल्ली के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों, प्रमुख पुलिस स्टेशनों और पुलिस चौकियों (पिकेट्स) की रेकी करने तथा उनके वीडियो रिकॉर्ड कर पाकिस्तान भेजने का काम सौंपा गया था। इसके बाद उन्हें राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने का निर्देश दिया गया था।विशेष प्रकोष्ठ (Special Cell) की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए हैं। इनके पास से अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य मददगारों की तलाश के लिए राज्यों में छापेमारी कर रही है।
