CM Hemant Soren:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र आंदोलन को लेकर दिया बयान-संयम और संवेदनशीलता के साथ स्थिति संभालने पर प्रशासन-पुलिस को धन्यवाद, छात्रों की मांगों पर गंभीर कार्रवाई का भरोसा
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची, झारखंड | 10 अगस्त 2026मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज हुए छात्र आंदोलन को लेकर अपने X पोस्ट के माध्यम से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति संभालने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के सभी अधिकारियों और जवानों का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना उनका अधिकार है और छात्रों की आवाज का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि दोषी चाहे कोई भी हो, किसी को भी बख्शा नहीं गया है। सरकार का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था की कमियों को दूर करना है, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बदलाव में छात्रों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड केवल समस्याओं की चर्चा करने वाला राज्य न बने, बल्कि यहां से समाधान की एक नई मिसाल कायम हो।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने का प्रयास किया। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं।अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों को झारखंड का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी आवाज को नजरअंदाज करना नहीं, बल्कि उसे सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने संवाद और विश्वास के साथ मिलकर इस मुद्दे का समाधान निकालने का आह्वान किया।
