भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी अपोलो अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
सर्च न्यूज: सच के साथ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण (चेस्ट इंफेक्शन) और सांस से जुड़ी दिक्कतों के कारण दिल्ली के जसोला विहार स्थित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 98 वर्षीय दिग्गज नेता को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत पल्मोनरी (श्वसन) विभाग में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया। अस्पताल प्रशासन से जुड़े आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।
गौरतलब है कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित लालकृष्ण आडवाणी पिछले कुछ समय से उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इससे पहले इसी साल मई महीने में भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते कुछ दिनों के लिए इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से ठीक होने के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी। पूर्व गृहमंत्री और भाजपा को भारतीय राजनीति के केंद्र में लाने वाले प्रमुख वास्तुकारों में शुमार आडवाणी के जल्द स्वस्थ होने के लिए राजनीतिक गलियारों और समर्थकों द्वारा लगातार कामनाएं की जा रही हैं।
