November 3, 2026

अंकिता भंडारी मर्डर केस: पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ के ठिकानों पर CBI की छापेमारी और पूछताछ

file_000000001b50821095b6facffbb19124

सर्च न्यूज: सच के साथ: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बार फिर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सीबीआई की टीम ने उत्तराखंड के ज्वालापुर से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार स्थित आवास पर औचक छापेमारी की। इस बड़ी कार्रवाई के अंतर्गत दिल्ली से आई जांच एजेंसी की टीम ने हरिद्वार के भेल (BHEL) स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में पूर्व विधायक को बुलाकर कई घंटों तक गहन पूछताछ की। सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद से उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

करीब कुछ समय पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावार और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो लीक हुआ था, जिसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक “वीआईपी” (VIP) कनेक्शन और एक वरिष्ठ भाजपा नेता के नाम का जिक्र किया गया था। इसी कड़ी को जोड़ते हुए सीबीआई मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा, हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने दिल्ली में सीबीआई निदेशक से मुलाकात कर सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावार का नार्को टेस्ट कराने की लिखित मांग भी सौंपी थी।

सीबीआई की इस पूछताछ के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी की टीम का पूरा सहयोग किया है और जो भी जानकारी उनके पास थी, वह अधिकारियों से साझा कर दी है। हालांकि, सीबीआई की ओर से इस छापेमारी और पूछताछ के मुख्य बिंदुओं को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि साल 2022 में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य और उसके सहयोगियों को अदालत पहले ही उम्रकैद की सजा सुना चुकी है, लेकिन पीड़ित परिवार लगातार इस मामले में छुपे हुए “VIP” चेहरे को बेनकाब करने की मांग पर अड़ा हुआ है।

You may have missed