आदिवासी अस्मिता, भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दे पर झारखंड भाजपा ने घेरी सरकार; कार्यसमिति बैठक का दूसरा दिन संपन्न
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन राजनीतिक प्रस्ताव-02 को सर्वसम्मति से पारित किया गया. इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राजनीतिक प्रस्ताव को पटल पर रखा, जिसका पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, मधु कोड़ा और अन्य विधायकों ने पूरी तरह समर्थन और अनुमोदन किया. बैठक के दौरान राज्य भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया.
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेताओं ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रवास और उनके द्वारा मिले महत्वपूर्ण मार्गदर्शन से संगठन को एक नई दिशा मिली है. राष्ट्रीय अध्यक्ष के उद्बोधन के बाद सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी नई ऊर्जा, जोश और उत्साह से लबरेज नजर आए. पार्टी ने संकल्प लिया कि वे जनता के अधिकारों और राज्य के विकास के लिए इस कुशासन के खिलाफ अपने जनसंघर्ष को और अधिक तेज करेंगे.
