Hunger strike continues for the second day in Golmuri, demanding improvements to the traffic system: यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए गोलमुरी में दूसरे दिन भी जारी है भूख हड़ताल
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर, 29 अगस्त 2026: यातायात व्यवस्था में सुधार और गोलमुरी चौक पर आधे-अधूरे पड़े डिवाइडर के निर्माण को पूरा करने की मांग को लेकर बजरंग सेवा संस्थान के जिलाध्यक्ष श्री धर्मबीर कुशवाहा ने 28 अगस्त दोपहर 3 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। वह सिर्फ पानी पीकर विरोध कर रहे हैं।
दूसरे दिन भी कंपनी, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आंदोलन स्थल पर नहीं पहुंचने पर धर्मबीर महतो ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी लड़ाई नहीं, बल्कि गोलमुरी की जनता की सुरक्षा की लड़ाई है।
बताया गया कि गोलमुरी चौक पर आधा बना डिवाइडर जानलेवा साबित हो रहा है। बीते 18 दिनों में 10 सड़क हादसे हो चुके हैं, जिसमें 2-3 लोगों की मौत हो चुकी है। चार दिन पूर्व ही एक हादसे में धर्मबीर कुशवाहा ने अपने एक मित्र को खो दिया, जिसके बाद उन्होंने रक्षाबंधन पर यह संकल्प लिया कि गोलमुरी की सड़कें अब किसी और परिवार का चिराग नहीं बुझाएंगी।
इससे पूर्व ट्रैफिक पुलिस को ज्ञापन दिया गया था, जिसके बाद जुस्को के अधिकारी ने एक सप्ताह में काम पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ है। इसी लापरवाही के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है।
मुख्य मांगें:
1. अधूरे डिवाइडर का निर्माण तत्काल पूरा किया जाए।
2. गोलमुरी चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जाए और ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती हो।
3. अवैध पार्किंग पर रोक लगे और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
4. हादसों को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और संकेतक लगाए जाएं।
उन्होंने कहा, “आज मैं यहां भूखा बैठा हूं, ताकि कल किसी मां को भूखा न रहना पड़े, किसी बहन को अपने भाई की तस्वीर लेकर न बैठना पड़े और किसी परिवार को सड़क हादसे में अपना सदस्य न खोना पड़े।”
हड़ताल में प्रदीप सिंह, सूरज तिवारी, विवेक झा, मुकुंद झा, सुमित, राकेश चौरसिया, महानंद सहित कई नागरिक समर्थन में बैठे हैं।
