सर्च न्यूज: सच के साथ: बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) द्वारा आयोजित राजभवन मार्च के दौरान भारी राजनीतिक हंगामा खड़ा हो गया है. बिहार में हो रहे लगातार पेपर लीक और सीवान छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस फायरिंग के खिलाफ विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में यह मार्च निकाला जा रहा था. जैसे ही प्रदर्शनकारियों का हुजूम डाक बंगला चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली.
डाक बंगला चौराहे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस ने चारों तरफ से मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी. आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जबरन बैरिकेडिंग तोड़कर राजभवन की ओर बढ़ने की कोशिश की. उग्र होती भीड़ और कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने बल प्रयोग किया और वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.इस हंगामे के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया. पुलिस वाहन में बैठने से पहले तेजस्वी यादव ने सरकार को तीखी चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार के युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता. उन्होंने मांग की कि हिरासत में लिए गए निर्दोष छात्रों और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को तुरंत वापस लिया जाए, अन्यथा आरजेडी पूरे राज्य में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन शुरू करेगी.