Ranchi:रांची में मतदाता पंजीकरण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू, 58 शोध-पत्रों पर होगा मंथन
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची, 2 सितंबर 2026: नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची में बुधवार को ‘Voter Registration and Voter Register-2026’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का आयोजन झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय और केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के सहयोग से किया जा रहा है।
सम्मेलन में मतदाता सूची को अधिक स्वच्छ, समावेशी, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने के तरीकों पर चर्चा हो रही है। विशेषज्ञों ने कहा कि AI और डिजिटल तकनीक मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बना सकती है, लेकिन अंतिम सत्यापन में जमीनी स्तर पर मानवीय जांच महत्वपूर्ण बनी रहेगी। पहले दिन छह तकनीकी सत्रों में एस्टोनिया, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, डेनमार्क, घाना और दक्षिण अफ्रीका की मतदाता पंजीकरण प्रणालियों और वैश्विक अनुभवों पर चर्चा हुई। प्रवासी मतदाताओं, महिलाओं, जनजातीय समुदायों और वंचित वर्गों की चुनावी भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रबंधन के व्यावहारिक अनुभव और अकादमिक शोध को एक मंच पर लाने से मतदाता सूची को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी। सम्मेलन से निकलने वाले निष्कर्षों और सुझावों को आगे प्रिंट और डिजिटल माध्यमों में प्रकाशित किया जाएगा।
