September 5, 2026

JMM केंद्रीय समिति की बैठक में खनिज कानून और SIR समेत कई मुद्दों पर मंथन

Screenshot_20260820_190411_Instagram

सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को रांची में पार्टी की विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक हुई। बैठक में झामुमो के केंद्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन कानून, 2026 (MMDR Amendment) को लेकर विशेष रूप से मंथन हुआ। हेमंत सोरेन और JMM पहले ही इस कानून को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। सोरेन का कहना है कि खनिज संसाधनों से जुड़े फैसलों में झारखंड के हितों और राज्य के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। हाल ही में उन्होंने केंद्र से खनिज संबंधी संशोधन विधेयक पर पुनर्विचार करने की अपील भी की थी।बैठक में परिसीमन और SIR (Special Intensive Revision) जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इन विषयों को लेकर पार्टी की आगे की राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राज्य में चल रहे विभिन्न जनसरोकार से जुड़े मुद्दों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी नेताओं ने अपनी राय रखी।

JMM की यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब खनिज संशोधन कानून को लेकर पार्टी केंद्र के खिलाफ अपना विरोध तेज करने की तैयारी में है। पार्टी की बैठकों और सार्वजनिक बयानों से संकेत मिलता है कि इस मुद्दे को राज्यव्यापी स्तर पर उठाने तथा आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।बैठक के जरिए झामुमो ने संगठनात्मक स्तर पर भी आगे की दिशा तय करने की कोशिश की। पार्टी के सामने एक ओर झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़े सवाल हैं, वहीं दूसरी ओर चुनावी प्रक्रिया और SIR जैसे मुद्दे भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बने हुए हैं। ऐसे में केंद्रीय समिति की बैठक को JMM की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

You may have missed