जमशेदपुर में दुर्गा पूजा पंडालों के 100 मीटर के दायरे में धूम्रपान पर पूरी तरह से प्रतिबंध, नियमों का उल्लंघन करने पर ₹1,000 का जुर्माना
सर्च न्यूज: सच के साथ: पूर्वी सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा सभी दुर्गा पूजा पंडालों को ‘नो स्मोकिंग जोन’ (धूम्रपान निषेध क्षेत्र) घोषित किया गया है। इस आदेश के तहत पंडालों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट, बीड़ी, या किसी भी अन्य प्रकार के तंबाकू उत्पादों का सेवन और उनकी बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
इस प्रतिबंध के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए सभी पूजा पंडालों में ‘गैर-धूम्रपान क्षेत्र’, ‘तंबाकू मुक्त परिसर’ और नशामुक्ति टोल फ्री नंबर (1800-11-2356) से संबंधित पोस्टर और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने आम लोगों से इन नियमों का पालन करने और त्योहार के दौरान शांति व सुव्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भावुक अपील की है।
