Jharkhand:झारखंड में मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति की समयसीमा बढ़ी, अब 15 सितंबर तक मिलेगा मौका
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को बड़ी राहत दी है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या दर्ज विवरण में सुधार से संबंधित दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर से बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, विभिन्न जिलों से प्राप्त सुझावों और मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। मानसून, देवघर और दुमका के श्रावणी मेले तथा कृषि कार्यों में मतदाताओं की व्यस्तता को भी समय विस्तार के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया। निर्वाचन आयोग ने राज्य के अनुरोध को स्वीकार करते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
अब क्या है नया कार्यक्रम?
झारखंड में SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई थी। पहले दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 7 अक्टूबर निर्धारित थी। संशोधित कार्यक्रम के तहत अब दावे-आपत्तियां 15 सितंबर तक दाखिल की जा सकेंगी, जबकि नोटिस चरण और दावे-आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया 14 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
युवाओं और नए मतदाताओं से अपील
निर्वाचन विभाग ने पात्र युवा मतदाताओं से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम, पते या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती है, उन्हें निर्धारित अवधि में सुधार कराने का अवसर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया का उद्देश्य अधिक सटीक, अद्यतन और व्यापक मतदाता सूची तैयार करना है।
