Jharkhand: झारखंड के सिमडेगा जिले में नौकरी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, सरगना समेत 6 गिरफ्तार
एनजीओ के जरिए नौकरी और स्टाइपेंड का लालच देकर वसूली जाती थी सिक्योरिटी मनी, 5–6 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा
WhatsApp पोस्टर से युवाओं को बनाया जाता था निशाना: जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा व्हाट्सऐप पर आकर्षक पोस्टर और पंपलेट भेजकर नौकरी और स्टाइपेंड का लालच दिया जाता था। इसके साथ ही दोगुना इंसेंटिव और कैश प्राइज जैसे ऑफर देकर लोगों को पैसे जमा करने के लिए प्रेरित किया जाता था। नौकरी की उम्मीद में कई लोगों ने आरोपियों को बड़ी रकम दे दी।मामला बानो और कुरडेग थाना क्षेत्रों से जुड़ा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू की। सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस. खोटरे के निर्देश पर एसडीपीओ के संयुक्त नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि संस्था के नाम पर जुटाई गई रकम का इस्तेमाल निजी आर्थिक लाभ और संपत्ति खरीदने में किया जा रहा था। पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के उद्देश्य से आरोपियों की संपत्तियों को अटैच करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई।
