सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर करीब 24 लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायतकर्ता कुमार अंकित सिंह और आरोपी सौरख दे के बीच आपसी सहमति से लिखित समझौता हो गया है। पीड़ितों का आरोप था कि करीब दो महीने पहले सौरख दे ने ट्रेडिंग में ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर उनसे और शहर के कई अन्य लोगों से कुल 24 लाख रुपये की राशि ली थी, जिसके बाद पैसे वापस करने में टालमटोल की जा रही थी।
थाने में शिकायत पहुंचने के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी या कानूनी पचड़े से बचते हुए आपसी बातचीत का रास्ता चुना। समझौते के तहत यह लिखित शर्त रखी गई है कि सौरख दे एक निर्धारित समय अवधि के भीतर सभी बकाया राशि को किश्तों या पूर्ण रूप से वापस लौटा देगा। इस निर्धारित अवधि के दौरान शिकायतकर्ता या उससे जुड़े लोग सौरख दे पर भुगतान को लेकर किसी भी प्रकार का मानसिक या सामाजिक दबाव नहीं बनाएंगे और न ही उससे किसी तरह की अनावश्यक बातचीत करेंगे।इस आपसी समझौते को पूरी तरह से निष्पक्ष और बिना किसी बाहरी दबाव के संपन्न घोषित किया गया है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से समझौते में यह कड़ी शर्त भी जोड़ी गई है कि जब तक सौरख दे पूरी 24 लाख रुपये की राशि वापस नहीं कर देता, तब तक वह बिना सूचना के जमशेदपुर शहर से बाहर नहीं जा सकेगा। किसी विशेष परिस्थिति या जरूरी काम के लिए उसे केवल एक सीमित अवधि के लिए ही बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। यदि तय समय पर राशि वापस नहीं की जाती है, तो पीड़ितों को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का पूरा अधिकार होगा।