Final Meeting Held at NIT Jamshedpur Ahead of National Women Leadership Conference 2026:राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर एन.आई.टी. जमशेदपुर में अंतिम बैठक संपन्न
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर, 06 सितंबर 2026। आगामी 09 एवं 10 सितंबर 2026 को एन.आई.टी. जमशेदपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर आज एन.आई.टी. जमशेदपुर में अंतिम समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सम्मेलन की कार्यक्रम रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा पिछली बैठक में गठित समितियों के कार्यों की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
ज्ञात हो कि इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में 13 राज्यों से लगभग 150 प्रतिभागी शामिल होने के लिए जमशेदपुर आ रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से महिला शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों तथा महिला नेतृत्व से जुड़ी प्रमुख हस्तियों की सहभागिता झारखंड एवं जमशेदपुर के लिए गौरव का विषय है।
सम्मेलन की तैयारियों एवं आयोजन की जिम्मेदारियों में डॉ. शुक्ला महंती, पूर्व कुलपति, कोल्हान विश्वविद्यालय एवं कार्यक्रम संयोजिका, राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026; डॉ. कविता परमार, क्षेत्रीय संयोजक, पर्यावरण शिक्षा, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं सह-संयोजिका; तथा डॉ. सरोज कुमार षाड़ंगी, कुलसचिव, एन.आई.टी. जमशेदपुर एवं सह-संस्था संयोजक, राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देना तथा कार्यक्रम को बेहतर, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी समितियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर सभी समितियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर शोक: बैठक के दौरान झारखंड सरकार के पर्यटन एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना एवं शोक-सहानुभूति व्यक्त की।
बैठक में मुख्य रूप से डॉ. विजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास; श्री महेन्द्र सिंह, प्रांत संयोजक; डॉ. शुक्ला महंती, पूर्व कुलपति, कोल्हान विश्वविद्यालय एवं कार्यक्रम संयोजिका; डॉ. रंजीत प्रसाद, राष्ट्रीय सह-संयोजक, तकनीकी शिक्षा, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास; प्रो. अमरनाथ सिंह, विभाग संयोजक, जमशेदपुर; शिवम् शर्मा, महानगर संयोजक, विद्यालय शिक्षा; मंजू सिंह, महानगर सह-संयोजक; डॉ. मनोज कुमार, विभाग संयोजक, शिक्षक शिक्षा; डॉ. सरोज कुमार षाड़ंगी, कुलसचिव, एन.आई.टी. जमशेदपुर एवं सह-संस्था संयोजक; डॉ. कविता परमार, सह-संयोजिका; डॉ. कनिका प्रसाद, विभाग सह-संयोजक, तकनीकी शिक्षा; डॉ. जे. राजेश, डीन एडमिनिस्ट्रेशन, श्रीनाथ विश्वविद्यालय; श्री राधेश्याम तिवारी, श्रीनाथ विश्वविद्यालय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध तैयारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। सम्मेलन के माध्यम से महिला नेतृत्व, शिक्षा एवं सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विमर्श को आगे बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल होने की उम्मीद व्यक्त की गई।

