November 7, 2026

दीपावली से ठीक पहले पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को खाली कराया गया सरकारी आवास

file_000000002cc482109e1fec04c4116ade

झारखंड के रांची स्थित धुर्वा (HEC परिसर) में कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को त्योहार के ठीक पहले एक बड़ा प्रशासनिक झटका लगा है। जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उनके सरकारी आवास (संख्या F-44) को खाली कराकर सील कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, विधायक रहते हुए उन्हें यह आवास आवंटित किया गया था, लेकिन पिछले साल इसे एक आईएएस अधिकारी के नाम पर री-अलॉट कर दिया गया था। बार-बार नोटिस और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दिए जाने के बावजूद जवाब न मिलने पर मजिस्ट्रेट की देखरेख में यह बेदखली की कार्रवाई की गई।

इस अचानक हुई कार्रवाई से नाराज होकर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने अपने सरकारी आवास के ठीक बाहर खुले में टेंट लगा लिया और धरने पर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासन के इस कदम को पूरी तरह से अमानवीय, भेदभावपूर्ण और पक्षपातपूर्ण करार दिया। अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि कई अन्य पूर्व विधायक आज भी दो-दो सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए बैठे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है, जबकि उनके खिलाफ जानबूझकर अति-सक्रियता दिखाई जा रही है।

अंबा प्रसाद ने भावुक होते हुए मीडिया से कहा कि दीपावली और छोटी दीपावली के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर उन्हें इस तरह से बेघर करना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि इसी घर से उनके भाई की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, जो अब पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। पूर्व विधायक ने संकल्प जताया है कि इस घर से उनका विशेष लगाव है और वह किसी भी हाल में अपनी दीपावली इसी घर के बाहर टेंट लगाकर और दीप जलाकर मनाएंगी।