Chaibasa Crime News : ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, लहूलुहान हालत में जमशेदपुर रेफर
Chaibasa Crime News
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के समीप एक संकरी गली में अज्ञात हमलावर ने ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही 24 वर्षीय युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में जमशेदपुर रेफर किया गया है।
अस्पताल में मची चीख-पुकार, परिजनों का बुरा हाल
घटना की जानकारी स्थानीय बच्चों और राहगीरों के माध्यम से परिवार तक पहुँची। घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। शिल्पी के बड़े पिता सुनील मोदक ने बताया कि घटना की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने युवती की गंभीर स्थिति और शरीर पर गहरे जख्मों को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल जमशेदपुर रेफर कर दिया है।
पुलिस को मिला सुराग, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
वारदात की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात स्थल से हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने भरोसा जताया कि आरोपी पुलिस की पकड़ से ज्यादा दूर नहीं है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में असुरक्षा को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
Also Read : Jamshedpur Tatanagar Station Arrest : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर 75 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार –
