Agrico Road Accident:जमशेदपुर में हाइवा का आतंक: एग्रिको में दर्दनाक हादसा ,हाइवा की चपेट में आए पिता-पुत्र की गई जान ;उठे सुरक्षा व्यवस्था और नो-एंट्री पर सवाल
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के एग्रिको इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। दुर्घटना के बाद करीब 50 मीटर तक बच्चे के घसीटे जाने की बात सामने आई है, जिसने हादसे की भयावहता को और बढ़ा दिया है।
इस सड़क हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि यदि संबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध था, तो हाइवा वहां कैसे पहुंचा?लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से नियंत्रण होना चाहिए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। खासकर उन सड़कों पर जहां पैदल यात्रियों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों की आवाजाही अधिक रहती है।
पिता-पुत्र की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की मांग की है।लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। यदि नो-एंट्री के दौरान भारी वाहन के प्रवेश की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
