सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से भावुक हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कहा— “आप हमेशा याद आएंगे, भैया”
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं अपने बड़े भाई समान सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि सोनू भैया का निधन उनके लिए ऐसी व्यक्तिगत क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
हेमंत सोरेन ने झारखंड आंदोलन के दौर में सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वे स्मृति-शेष बाबा दिशोम गुरुजी के साथ पूरी निष्ठा और मजबूती से खड़े रहे तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित सिपाही के रूप में अपना जीवन झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंडियत के प्रति सोनू का समर्पण और उनकी जुझारू भावना हमेशा याद की जाएगी। उन्होंने जीवन की क्षणभंगुरता का उल्लेख करते हुए कहा कि कल तक जो आवाज हमारे बीच थी, आज वह केवल स्मृतियों में रह गई है।
भावुक संदेश के अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। उन्होंने कहा कि सोनू भैया का स्नेह, संघर्ष और झारखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता जीवनभर उनके साथ रहेगी।— Search News | सच के साथ
