Sheikh Hasina Says ‘I Will Return by December’. दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना? पूर्व PM का बड़ा दावा |
सर्च न्यूज: सच के साथ: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पहले टेलीफोनिक इंटरव्यू में बड़ा दावा किया है। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में हसीना ने कहा कि वह दिसंबर तक अपने देश लौटने का इरादा रखती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी वापसी को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा और प्रत्यर्पण के मुद्दे से जोड़ना उचित नहीं है।
हसीना ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति को लेकर भी BNP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि देश में बिजली और गैस की कमी, खाद की समस्या, महंगाई और रोजगार संकट बढ़ रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने चीन से करीब 2.3 अरब डॉलर में लड़ाकू विमानों की खरीद के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश आर्थिक और बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, तो इतने बड़े रक्षा सौदे की जरूरत क्यों है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश की राजनीति और अपनी पार्टी आवामी लीग को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर बड़ी संख्या में मामले दर्ज किए गए हैं और राजनीतिक बदले की कार्रवाई की जा रही है। हसीना ने कहा कि उनकी वापसी सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों के साथ खड़े होने के लिए होगी।
