September 4, 2026

Ranchi Cyber Crime:रांची में फ्रेंचाइजी के नाम पर 6.85 लाख की साइबर ठगी

Gemini_Generated_Image_z8oea9z8oea9z8oe

सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची के दलादली इलाके में ई-कॉमर्स फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर एक दुकानदार से 6.85 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित संदीप किशोर कुजूर दलादली में ग्रामीण फूड मार्ट नाम से दुकान चलाते हैं। कारोबार बढ़ाने के लिए उन्होंने ऑनलाइन ई-कॉमर्स फ्रेंचाइजी की तलाश की और गूगल पर Blinkit Partner सर्च किया। इसके बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को ई-कॉमर्स कंपनी का CRM अधिकारी बताया।

आरोप है कि पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर 25 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर 2.50 लाख रुपये, फिर सेटअप के लिए 2.65 लाख रुपये और साइट विजिट के नाम पर 1.45 लाख रुपये मांगे गए। हर भुगतान के बाद रकम वापस होने और फ्रेंचाइजी प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों ने साइट विजिट और दुकान को लाइव कराने के लिए तारीख भी तय की, लेकिन निर्धारित दिन कोई नहीं पहुंचा। बाद में दूसरी तारीख दी गई, वहां भी कोई नहीं आया। इसके बाद ई-मेल आईडी इनवैलिड हो गई और फोन उठना बंद हो गया।

ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।