मानगो के इतिहास में अनोखा विरोध: सफाई व्यवस्था से नाराज लोगों ने मुर्दा मैदान का कचरा उठाकर नगर निगम कार्यालय के सामने पटका
सर्च न्यूज; सच के साथ: जमशेदपुर के मानगो से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था चरमरा जाने और प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर लोगों ने एक अनोखा और उग्र विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र के बागानशाही स्थित प्रसिद्ध मुर्दा मैदान में लंबे समय से कचरे का अंबार लगा हुआ था और चारों तरफ भयंकर गंदगी पसरी हुई थी। इस गंदगी और बदबू से आजिज आकर आक्रोशित स्थानीय निवासियों और जन प्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया और मैदान में जमा भारी मात्रा में सड़ रहा कचरा गाड़ियों में भरकर सीधे मानगो नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर लाकर उड़ेल दिया।
कार्यालय के ठीक बाहर मुख्य सड़क और प्रवेश द्वार पर अचानक टनों कचरा डंप किए जाने से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। नगर निगम कार्यालय के बाहर फैली इस गंदगी और तीखी बदबू के कारण वहाँ से गुजरने वाले आम राहगीरों और दफ्तर आने वाले कर्मियों का रुकना मुहाल हो गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अब भी पूरे मानगो क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा उठाव और डंपिंग साइट की स्थायी समस्या का समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
