*Major theft at retired army jawan’s house in Bagbera, jewellery worth lakhs and important documents stolen.*:बागबेड़ा में सेवानिवृत्त आर्मी जवान के घर भीषण चोरी, लाखों के आभूषण समेत जरूरी दस्तावेज चोरी
जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत ब्लॉक नंबर 14/2/3, रोड नंबर-1, पानी टंकी के सामने रहने वाले सेवानिवृत्त आर्मी जवान श्रवण कुमार, पिता प्रभा कुंवर के बंद घर में चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
पीड़ित के अनुसार घर से करीब 30 से 32 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, घर के बर्तन, चार पंखे, इनवर्टर, बिजली के तार, बोर्ड-स्विच, टीवी, स्टेबलाइजर, पानी का मोटर, बाथरूम एवं बेसिन के नल सहित आर्मी से संबंधित दस्तावेज, जमीन के कागजात एवं बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड प्रतिनिधि राकेश सिंह एवं राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और तत्काल बागबेड़ा थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की प्रारंभिक जांच की।
मुखिया राजकुमार गोड एवं उप मुखिया संतोष ठाकुर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार की चोरी की घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए जल्द से जल्द चोरी की घटना का उद्भेदन करने, दोषियों की गिरफ्तारी करने तथा चोरी हुए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाना आवश्यक है।
