September 7, 2026

Body of Rural Man Found in Field, Murder Suspected. खेत में मिला रासबिहारी महतो का शव, हत्या की आशंका |

IMG-20260907-WA0014

सर्च न्यूज: सच के साथ: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में सोमवार, 7 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति का शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डुंगरीडीह टोला भुचुंगडीह निवासी रासबिहारी महतो (42) के रूप में हुई है। शव डुबुडीह टोला बारुडीह स्थित एक खीरे के खेत में मिला।

जानकारी के अनुसार रासबिहारी महतो सोमवार तड़के करीब चार बजे घर से निकले थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को खेत में उनका शव पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची चौका थाना पुलिस ने जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान और खून के निशान मिले हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद मृतक किन लोगों के संपर्क में थे।

चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार के मुताबिक प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। फिलहाल इलाके में घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा का माहौल है।

You may have missed