जमशेदपुर के बिरसानगर में ब्लिंकिट कर्मचारियों का प्रदर्शन: पेआउट बढ़ाने की मांग को लेकर फूटा गुस्सा
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-1 स्थित ब्लिंकिट (Blinkit) स्टोर के बाहर डिलीवरी कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने पेआउट (मानदेय) में बढ़ोतरी करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा पेआउट में काम करना अब उनके लिए बेहद मुश्किल होता जा रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जो भी कर्मचारी इस न्यायसंगत मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं, प्रबंधन उन्हें दबाने का प्रयास कर रहा है।
कर्मचारियों की आईडी ब्लॉक किए जाने और मिलने वाली धमकियों के बाद स्टोर के बाहर तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों का साफ तौर पर कहना है कि जब तक उनकी आईडी को तुरंत बहाल नहीं किया जाता और पेआउट बढ़ाने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे अपना विरोध वापस नहीं लेंगे। इस हड़ताल और प्रदर्शन के चलते स्थानीय स्तर पर ब्लिंकिट की डिलीवरी सेवाएं पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
