November 4, 2026

जमशेदपुर: आस्था ट्विन सिटी में वेतन न मिलने पर फूटा कर्मचारियों का गुस्सा, सोसायटी के गेट पर जड़ा ताला

file_00000000422c82108515a4cd336676c8

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत आस्था ट्विन सिटी में काम करने वाले कर्मचारियों का गुस्सा उस समय चरम पर पहुंच गया, जब पिछले दो से तीन महीनों से उन्हें अपनी मेहनत का मेहनताना नहीं मिला। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों सहित सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी और इलेक्ट्रिशियन शामिल हुए। आक्रोशित होकर कर्मचारियों ने मंगलवार को आवासीय सोसायटी के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और जमकर नारेबाजी की, जिससे परिसर के बाहर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का स्पष्ट आरोप है कि उन्हें लंबे समय से बिना किसी भुगतान के काम करने पर मजबूर किया जा रहा है। हर बार प्रबंधन और ठेकेदारों की तरफ से सिर्फ आश्वासन की तारीखें दी जाती हैं, लेकिन धरातल पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता। खासकर त्योहारों के इस मौसम में मानदेय न मिलने से इन गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी और घर खर्च चलाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

हंगामे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सोसायटी के फैसिलिटी मैनेजर विकास ने उग्र कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने प्रबंधन की तरफ से आश्वासन दिया कि बुधवार तक सभी प्रभावित कर्मचारियों के बकाए वेतन का भुगतान हर हाल में कर दिया जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने मुख्य गेट से ताला हटाया, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर पैसे नहीं मिले तो वे फिर से बेमियादी काम ठप कर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

You may have missed