सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: वित्तीय संकट और उत्पादन में कमी से जूझ रहे हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (HEC) के पुनरुद्धार की दिशा में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा की अध्यक्षता वाली उद्योग संबंधी छह सदस्यीय केंद्रीय संसदीय समिति ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। बैठक में एचईसी की मौजूदा औद्योगिक और वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए संस्थान को दोबारा मजबूत बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समिति को भरोसा दिलाया कि एचईसी को पुनर्जीवित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए संस्थान को नई दिशा देने पर जोर दिया गया। समिति के सदस्यों ने एचईसी के तीनों प्रमुख प्लांटों की उत्पादन क्षमता और वित्तीय जरूरतों का भी आकलन किया तथा इसके पुनरुद्धार को लेकर सकारात्मक संकेत दिए।‘कारखानों का कारखाना’ के नाम से प्रसिद्ध एचईसी का देश की भारी इंजीनियरिंग, बुनियादी ढांचा और रक्षा परियोजनाओं में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बैठक में एचईसी के सीएमडी केएस मूर्ति समेत वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। संसदीय समिति की सक्रियता और मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा से एचईसी के कर्मचारियों तथा रांची के औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय बाद संस्थान के भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी है।