आपत्तिजनक टिप्पणी मामला: यो यो हनी सिंह को महाराष्ट्र साइबर सेल का समन, जांच में शामिल होने का निर्देश
सर्च न्यूज: सच के साथ: महाराष्ट्र साइबर सेल ने मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह (हिरदेश सिंह) को एक कॉन्सर्ट के दौरान महिलाओं पर कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नया समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने सिंगर को 16 अक्टूबर को सुबह पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई मुंबई के नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत और एफआईआर (FIR No. 74/2026) के आधार पर की जा रही है.
साइबर सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी है कि इस बार यदि सिंगर पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोबारा पेश न होने की स्थिति में उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, जिससे उनकी विदेश यात्राओं पर रोक लग सकती है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुई कॉन्सर्ट की वीडियो क्लिप और शिकायतकर्ता के आरोपों को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
